मेरी विचारधारा भाजपा के साथ जुड़ी है, किसी दूसरे राजनैतिक दल में शामिल नहीं होऊंगा : हेमंत शर्मा; पूर्व नपा अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रति जताई निष्ठा

Multai Hemant Sharma

▪️विजय सावरकर, मुलताई

मैं बीते 27 वर्षों से भाजपा से जुड़ा हूं सामान्य कार्यकर्ता के साथ पार्टी द्वारा समय समय पर दिए गए हर दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन किया है। आज भी मैं भाजपा की विचारधारा से जुड़ा हूं। और भविष्य में किसी भी अन्य राजनैतिक दल में शामिल नही होऊंगा। यह बात पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं। हाल ही में भाजपा से हुए निष्कासन के बाद श्रीशर्मा ने पत्रकार वार्ता में अपना पक्ष रखा। श्रीशर्मा ने कहा भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नगर की पेयजल समस्या के निदान के साथ ताप्ती सरोवर पर डोम निर्माण सहित अन्य सौंदर्यकरण के कार्य सहित अन्य विकास कार्य किए हैं। जिसके चलते बीते नगर पालिका चुनाव में नगर के 15 वार्डों में से 9 वार्ड में पार्षद पद पर भाजपा उम्मीदवार जीते और भाजपा को नगर पालिका में बहुमत हासिल हुआ।

श्री शर्मा ने कहा नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण के दौरान जिला संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश की स्थिति बनने लगी थी। जिस यादव परिवार से भाजपा को दो नगर पालिका अध्यक्ष मिले उसी परिवार ने टिकट वितरण पर आक्रोश जताते हुए भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। चुनाव के दौरान मैंने पूरी सक्रियता से भाजपा उम्मीदवारों की जीत के लिए निष्ठा के साथ कार्य किया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए मेरे को कोई दायित्व नहीं सौंपा गया था।

7 अगस्त से 9 अगस्त तक मैं परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर शिरडी गया था। उसके बावजूद इस चुनाव में आए परिणाम के लिए मुझे दोषी ठहराते हुए जिला नेतृत्व ने निष्कासित किया है। मुझे जो नोटिस दिया उसके जवाब में मैने पूरी वस्तु स्थिति की जानकारी दी। लेकिन जिला नेतृत्व ने इस जवाब के बिन्दुओं पर गंभीरता से जांच नहीं की। राजनैतिक प्रतिद्वंदी ने झूठी शिकायत को सच बनाने का जो प्रयास किया। उस पर जिला संगठन ने अपनी सहमति जताते हुए निष्कासन की कार्रवाई कर दी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए जिनको जिम्मेदारी दी थी वह चुनाव के दौरान हो रही गतिविधियों को लेकर लापरवाह बने हुए थे। उनकी लापरवाही का ठीकरा मुझ पर फोड़ा गया।

श्री शर्मा ने कहा प्रदेश की अन्य नगर पालिका में भी मुलताई जैसी स्थिति निर्मित हुई है। लेकिन भाजपा संगठन में अभी तक वहां कोई कार्रवाई नहीं की। केवल मुलताई में ही कार्रवाई किया जाना कुछ जिम्मेदार नेताओं की दुर्भावना का परिणाम है। श्रीशर्मा ने कहा वह अपना पक्ष भाजपा के प्रदेश संगठन के सामने रखकर न्याय मांगेंगे।

पत्रकार वार्ता में हाल ही में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले पार्षद पंजाबराव चिकाने और रितेश विश्वकर्मा ने भी कहा कि वह भाजपा की विचारधारा से जुड़े हैं। लेकिन जिला नेतृत्व द्वारा भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाने के कारण भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए मजबूर हुए हैं। हमारी विचारधारा भी भाजपा की ही है और सदैव रहेंगी।

Related Articles