Weather Update MP: एमपी में फिर ठंड का पलटवार, चलने लगी शीतलहर, 6 पर आया न्यूनतम तापमान

Weather Update MP: मध्यप्रदेश में ठंड ने एक बार फिर पलटवार किया है। मार्च महीने से गर्मी शुरू हो जाती है, लेकिन यहां हाल यह है कि लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है वहीं अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट आई है। यही नहीं एक जिले में तो तीव्र शीतलहर का असर देखा गया।

मौसम केंद्र भोपाल द्वारा आज 6 मार्च को जारी बुलेटिन में जानकारी दी गई है कि उत्तर भारत में हो रही बारिश और बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश में भी पड़ रहा है। यही वजह है कि पिछले 2-3 दिनों से तापमान में गिरावट आ रही है। कल तो स्थिति कुछ ज्यादा ही खराब हो गई। प्रदेश के शाजापुर जिले में बीते 24 घंटों में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा।

अधिकतम तापमान में रीवा, जबलपुर, शहडोल संभागों के जिलों में एक दिन पहले के मुकाबले 3.3 से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक और भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, सागर संभागों के जिलों में 2.1 से 3.3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। भोपाल संभाग के जिलों में तो एक ही दिन में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में 5 डिग्री सेल्सियस तक विशेष रूप से गिरे। रीवा, जबलपुर, सागर संभाग के जिलों में 2.2 से 3.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरे।

न्यूनतम तापमान की यह रही स्थिति

प्रदेश में ठंड के पलटवार के चलते तापमान में खासी गिरावट आई है। बुधवार-गुरुवार की रात सबसे कम 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान शहडोल के कल्याणपुर और शाजापुर के गिरवर में दर्ज किया गया। इसके अलावा बड़वानी के तालुन में 7.5, छतरपुर के नौगांव और मंडला में 8 तथा मलाजखंड में 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा बैतूल में 10.8, जबलपुर में 9.6, इंदौर में 10.8, राजगढ़ में 8.4, उज्जैन में 9, रतलाम में 11.5, नीमच में 8.9, गुना और अशोक नगर में 10.5, उमरिया में 8.2, दमोह में 11.4, सागर में 12, भोपाल में 9.8, सीधी में 10, सिंगरौली में 8.3, खजुराहो में 9, रीवा में 12, सतना में 11.2, ग्वालियर में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान में भी आई गिरावट

रात के ही नहीं बल्कि दिन के तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। पहले जहां अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 35 और 36 डिग्री से ऊपर जा चुका था वहीं अब यह काफी नीचे आ गया है। कल सबसे ज्यादा 34.6 डिग्री तापमान खरगौन में दर्ज किया गया। इसके अलावा खंडवा में 34.1, टीकमगढ़ में 33.5, नर्मदापुरम में 33 और बड़वानी के तालुन में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अब आगे कैसा रह सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ सकता है।

यहां देखें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Leave a Comment