MP Weather Alert : मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ गया है। प्रदेश के बैतूल सहित अन्य कुछ जिलों में रविवार की गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में एक बार फिर से प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने और ओलावृष्टि तथा वज्रपात की चेतावनी दी है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा सोमवार को जारी बुलेटिन में अगले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम की संभावित स्थिति की जानकारी दी है। इसके अनुसार प्रदेश के नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, खरगौन, धार, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा जिलों में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही यहां ओलावृष्टि व वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट (MP Weather Alert)
मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर और मैहर जिले में कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इन जिलों में वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।
- यह भी पढ़ें : Majedar Jokes: टीचर- लड़कियां अगर पराया धन होती हैं तो लड़के क्या होते हैं? पढ़ें मजेदार जोक्स….
बैतूल में रात में हुई बारिश (MP Weather Alert)
इधर बैतूल में रविवार की रात को गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। रात में रूक-रूककर बारिश का दौर जारी रहा। दिन निकलते ही मौसम खुल गया था, लेकिन सोमवार दोपहर ढाई बजे फिर आसमान में घनघोर काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई।
बार-बार बदल रहा मौसम (MP Weather Alert)
गर्मी के मौसम में बार-बार बदलते मौसम के कारण लोग परेशान है। बेमौसम हो रही बारिश से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। अभी गर्मी के इस सीजन में 4 से 5 बार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला और बारिश हुई है।
- यह भी पढ़ें : Majedar Jokes: पत्नी- घर जल्दी आ जाना, मुर्गा बनाऊँगी! पति बेचारा Confuse, पढ़ें मजेदार जोक्स…
चार डिग्री गिरा तापमान (MP Weather Alert)
मौसम खुलते ही गर्मी कहर बरपाने लगती है और बारिश होते ही तापमान में गिरावट आ जाती है। अधिकतम तापमान में 1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में एकाएक 4 डिग्री की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
आम की फसल को नुकसान (MP Weather Alert)
बेमौसम बारिश से आम की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। कई किसानों ने आम के बगीचे लगाए हैं। वर्तमान में आम के पेड़ों में छोटी-छोटी कैरियां लगी है। तेज और हवा के कारण कई जगह आम की कैरियां टूटकर झड़ गई। जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
- यह भी पढ़ें : Cow Farming: दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गाय की इन 3 नस्लों का करें पशुपालन, बंपर उत्पादन के साथ बढ़ेगी कमाई…
नसीब नहीं हो पाएगा आम (MP Weather Alert)
इसी तरह बारिश का दौर जारी रहा तो आम की फसल बर्बाद हो जाएगी और लोगों को देशी आम का स्वाद चखने को नहीं मिल पाएगा। देशी आम की कीमतों में बढ़ोतरी हो जाएगी। इधर बारिश के कारण मवेशियों का चारा गिला होने से किसानों को नुकसान पहुंचा है।
खेतों में ही रखा है भूसा (MP Weather Alert)
किसानों का कहना है कि अभी हाल ही में थ्रेसिंग का काम पूरा हुआ है। भूसा सहित अन्य चारे का खेतों में ही ढेर लगा हुआ है। बारिश के कारण चारा खराब हो रहा है। ऐसे में किसानों के सामने मवेशियों के लिए चारे का संकट खड़ा हो जाएगा।
- यह भी पढ़ें : Death In Accident : ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत; हाईवे पर भिड़ंत के बाद वाहन छोड़ भागे ड्राइवर-क्लिनर
26 तक बारिश का अलर्ट (MP Weather Alert)
मौसम विभाग भोपाल ने सोमवार को जारी की गई एडवायजरी में बताया कि अगले 3-4 दिन तक बैतूल जिले में कहीं-कहीं तेज और मध्यम बारिश होने की संभावना है। हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इस विक्षोभ की सक्रियता आगामी 26 अप्रैल तक बनी रहेगी।
इन तीन-चार दिनों के भीतर गरज-चमक के साथ बारिश होते रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश होने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। कुछ क्षेत्रों में झोकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
- यह भी पढ़ें : Madhumakkhiyon Ka Hamla : जंगल में पूजा करने गए लोगों पर मधुमक्खियों का हमला, 15 अस्पताल में भर्ती
देश-दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com
“बैतूल अपडेट” व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें 👇