MP Dhan Kharidi: समर्थन मूल्य पर धान बेचने नहीं हो रहे स्लॉट बुक, किसान हो रहे परेशान, सर्वर में दिक्कत होने से हो रही है फजीहत

MP Dhan Kharidi: समर्थन मूल्य पर धान बेचने नहीं हो रहे स्लॉट बुक, किसान हो रहे परेशान, सर्वर में दिक्कत होने से हो रही है फजीहत

▪️ प्रकाश सराठे, रानीपुर

MP Dhan Kharidi: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शुरू हो गई है। इस बार धान की बिक्री स्लॉट बुक करवा कर होना है। लेकिन, घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के रानीपुर, घोड़ाडोंगरी, जुवाड़ी में धान खरीदी केंद्रों पर पहले दिन खरीदी होने के बाद अब स्लॉट बुक कराने में दिक्कत आने लगी है। यह दिक्कत सर्वर के कारण आ रही है। इससे खरीद बिक्री में पेंच आ गया है। स्लॉट बुक नहीं होने के कारण किसानों को परेशान होना पड़ रहा है।

जिले में धान खरीदी इस बार स्लॉट बुक करके की जा रही है। इसमें किसानों को पहले स्लॉट बुक कराना है। इसके बाद अपनी उपज लेकर पहुंचना है। सर्वर डाउन होने के कारण किसान स्लॉट बुक नहीं करवा पा रहे हैं। जुवाड़ी के किसान विनय महतो, नरेंद्र महतो, लखन यादव, रेकचंद यादव, परसराम झल्लारे, अशोक मलैया, राजकुमार मलैया आदि किसानों ने बताया कि आधार कार्ड लिंक कराने के बावजूद स्लॉट बुक नहीं हो रहा है। स्लॉट बुक नहीं होने के कारण सभी किसान परेशान हो रहे हैं। कई बड़े किसान ऐसे हैं जिनका लाखों रुपए का ट्रांजैक्शन बैंकों के माध्यम से हो रहा है।

MP Dhan Kharidi: समर्थन मूल्य पर धान बेचने नहीं हो रहे स्लॉट बुक, किसान हो रहे परेशान, सर्वर में दिक्कत होने से हो रही है फजीहत

उन लोगों के आधार कार्ड पूर्व से ही लिंक होने के बावजूद स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है। अधिकतर बड़े किसान बैंक जाकर अपना आधार कार्ड लिंक करवा रहे हैं, बावजूद उसके स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अपनी उपज बेचने के लिए किसानों के सामने भारी समस्या खड़ी हो चुकी है। इन हालातों में फजीहत छोटे किसानों की हो रही है। बड़े किसानों के घर तो ट्रैक्टर-ट्रालियों की लाइन लगी हुई है, लेकिन छोटे किसान बार-बार बैंक और समिति के चक्कर काट रहे हैं। (MP Dhan Kharidi)

रानीपुर समिति में अभी तक कुल खरीदी 6250 क्विंटल की हो चुकी है। जिसमें से परिवहन 4069 क्विंटल 20 किलोग्राम हो चुका है। शेष 1178.80 क्विंटल का परिवहन होना बाकी है। अभी तक रानीपुर समिति में 94 किसानों का स्लॉट बुक कर खरीदी हुई है। गौरतलब है कि धान की खरीदी 15 जनवरी तक की की जा सकेगी किसानों के पास मात्र एक माह 10 दिन ही अपनी उपज बेचने के लिए शेष बचे हैं।

इनका कहना…

आधार कार्ड से छोटे एवं बड़े किसानों से कोई मतलब नहीं होता है। यदि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आई होगी तो इसे मैं शीघ्र में ठीक कराता हूं।

अमनबीर सिंह बैंस, कलेक्टर, बैतूल


सर्वर की प्रॉब्लम होने के कारण स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है। खाताधारक जब अपना आधार कार्ड बैंक से लिंक कराने के लिए पूछ रहे तो वहां भी सर्वर की समस्या उनके सामने खड़ी हो रही है। इसकी शिकायत भी उच्च अधिकारियों से कर दी गई है।

परसराम वर्मा, समिति प्रबंधक, रानीपुर

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News