Betul Love Triangle : प्रेमिका के घर एक साथ जा धमके दोनों प्रेमी, की मारपीट, कुएं में कूदी किशोरी

Betul Love Triangle : प्रेमिका के घर एक साथ जा धमके दोनों प्रेमी, की मारपीट, कुएं में कूदी किशोरी
यह फोटो सांकेतिक है, इसका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है..

▪️ अंकित सूर्यवंशी, आमला

Betul Love Triangle : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को बिल्कुल फिल्मी घटना हो गई। एक 17 वर्षीय किशोरी के दोनों प्रेमी एक साथ उसके घर जा धमके। उसके साथ मारपीट भी शुरू कर दी। इससे बचने के लिए वह कुएं में जा कूदी। ग्रामीणों ने उसे किसी तरह कुएं से निकाला और दोनों युवकों की धुनाई कर दी। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने 5 आरोपियों पर धारा 452 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुलताई के 2 लड़कों का बोरदेही थाना क्षेत्र के एक गांव की एक लड़की के साथ अफेयर था। उन दोनों को जब यह बात पता चली तो दोनों अपने 3 अन्य साथियों को लेकर कार से उसके घर पहुंच गए। उस समय लड़की घर पर अकेली थी। उसके घर पहुंच कर उसके दो कथित प्रेमी भीतर घुसे और तीन युवक बाहर गेट के पास खड़े हो गए। उनके पास चाकू और डंडे भी थे।

घर में घुसते ही दोनों लड़के, लड़की से गाली-गलौज करने लगे। लड़की ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसकी एक बात नहीं सुनी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पर लड़की मारपीट से बचने के लिए चीखते हुए घर से बाहर भागी। यह देख बाहर खड़े तीनों लड़कों ने लड़की का पीछा किया। उन्हें पीछे आता देख जान बचाने के लिए वह कुएं में कूद गई।

यह हंगामा देख कर और लड़की की आवाज सुन ग्रामीण भी पीछे से कुएं की ओर आए। यह देख लड़के वहां से भागने लगे। हालांकि उनमें से दो लड़कों को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने उन्हें बांध दिया और लड़की का रेस्क्यू कर उसे रस्सी की मदद से बाहर निकाला। लड़की को तत्काल बोरदेही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया। रात में उसे जिला अस्पताल बैतूल रैफर कर दिया गया। ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और लड़कों को अपने साथ थाने लेकर आई।

इस संबंध में बोरदेही टीआई मुकेश ठाकुर का कहना है कि पूरा मामला लव ट्रायंगल से जुड़ा हुआ है। लड़की को गंभीर हालत में इलाज के लिए 108 से जिला अस्पताल भेजा गया है। इस मामले में दोनों युवकों और उनके 3 अन्य साथियों पर धारा 452 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

For Feedback - feedback@example.com

Related News