Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय के पास भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शनिवार की रात को बैतूल बाजार के पास मिलानपुर जोड़ पर एक लूना पर सवार बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई है। हादसा रात लगभग 1.30 बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर डायल 100 मौके पर पहुंची थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मिलानपुर निवासी घनश्याम उर्फ घन्सू पिता बाबूराव सोनारे (60) शनिवार की रात को बारहवीं गांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी लूना से गांव वापस आ रहे थे। इसी दौरान मिलानपुर जोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने वृद्ध को टक्कर मार दी। जिसमें घनश्याम लूना सहित वाहन में फंस गए।
करीब सौ मीटर तक घसीटा (Betul Accident News)
अज्ञात वाहन ने करीब सौ मीटर तक उन्हें उसी हालत में घसीटते हुए ले गया। इसके टायर के निशान सड़क पर भी दिख रहे थे। इसके बाद वाहन सहित आरोपी ड्राइवर फरार हो गया। इधर राहगीरों ने घनश्याम को लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा तो मिलानपुर गांव में सूचना दी।
अस्पताल में किया मृत घोषित (Betul Accident News)
घटना के बाद मृतक के पुत्र संतोष और सुरेश तथा परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां वृद्ध को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक का सुबह जिला चिकित्सलाय में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।