आजादी के अमृत वर्ष में याद किए गए भूले बिसरे सेनानी, भाजपा ने किया सेनानियों के परिजनों का सम्मान

  • उत्तम मालवीय, बैतूल

    आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भूले बिसरे सेनानियों को याद किया। भाजपा द्वारा जिले में अनेक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों के चित्रों एवं शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। आजादी के अमृत वर्ष में पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाया जा रहा है। सामाजिक न्याय पखवाड़ा के अंतिम चरण में स्वतंत्रता सेनानियों का स्मरण एवं उनके परिजनों के सम्मान में बुधवार को विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

    कार्यक्रम के प्रभारी एवं भाजपा जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने बताया कि पूरे जिले भर में आजादी के गुमनाम नायकों की याद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें पार्टी के अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की है। स्वतंत्रता संग्राम के योद्धाओं के चित्रों एवं शहीद स्मारकों पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।

    बंजारीढाल जंगल सत्याग्रह के प्रथम शहीद कोवा गोंड के बंजारीढाल स्मारक पर चोपना मण्डल अध्यक्ष विजय पाल एवं महेंद्रबाड़ी में सरदार विष्णु सिंह की समाधि पर घोड़ाडोंगरी मण्डल अध्यक्ष राजेश महतो के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके,भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र मालवीय, प्रशांत गावंडे, सिद्धार्थ बिहारे सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

    सारनी ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष मोहन मोरे, जपं उपाध्यक्ष मिश्री परते, अजजा मण्डल अध्यक्ष मुकेश धुर्वे ने कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम छतरपुर में स्वतंत्रता सेनानी सरदार गंजन सिंह के पुत्र नन्दर सिंह को सम्मानित किया। सांसद दुर्गादास उइके एवं शाहपुर मण्डल अध्यक्ष मनीष कुमरे ने बरेठा में स्वतंत्रता सेनानी जंगू सिंह उइके के चित्र पर माल्यार्पण किया एवं उनके सुपुत्र मान सिंह को सम्मानित किया। मुलताई में मण्डल अध्यक्ष हन्नी भार्गव, जिला उपाध्यक्ष मनीष मथनकर, पूर्व जिला महामंत्री जगदीश पवार ने अमर जवान ज्योति पर माल्यार्पण किया।

    इन सेनानियों के परिजनों का सम्मान

    ग्राम महेंद्र बाड़ी में स्वतंत्रता सेनानी सरदार विष्णु सिंह, भिका उइके, मकड़न मर्सकोले, मुन्नीलाल मर्सकोले, चुन्नीलाल मर्सकोले के परिजनों को समान्नित किया गया। ग्राम छतरपुर में सरदार गंजन सिंह एवं बरेठा में स्वतंत्रता सेनानी जंगू सिंह के परिजन सम्मानित हुए। ग्राम पहाड़पुर में जीवित स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के सिपाही दादा राधा किशन सिंह को सम्मानित किया गया। ग्राम सातलदेही एवं धपाड़ा में भी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    इन स्मारकों पर हुआ माल्यार्पण

    भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम महेंद्रबाड़ी में सरदार विष्णु सिंह, बंजारीढाल में शहीद स्मारक, घोड़ाडोंगरी में शहीद स्मारक, डूलारा में शहीद मदनलाल आहाके के स्मारक पर माल्यार्पण किया गया। मुलताई में अमर जवान ज्योति एवं पट्टन में शहीद महादेव तेली एवं परमंडल में शहीद मनोज चौरे के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसी प्रकार घोड़ाडोंगरी के बाजारढाना में मन्शु ओझा , रातामाटी में ननकू धुर्वे सहित आजादी के अनेक गुमनाम योद्धाओं के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया।

    अब गुमनाम नहीं रहेंगे आजादी के नायक: कमलेश सिंह

    ग्राम महेंद्रबाड़ी में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों के सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए भाजपा जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में स्तंत्रता संग्राम का कोई भी योद्धा अब गुमनाम नहीं रहेगा। आजादी के गुमनाम नायकों को इतिहास में उचित स्थान दिलाने का अभियान अब प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि असंख्य योद्धा ऐसे हैं जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अनेक यातनाएं सही। कारवास में चक्कियां पिसी और अपने प्राण तक उत्सर्ग कर डाले। देश हमेशा इन सेनानियों का ऋणी रहेगा। युगों युगों तक इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

  • उत्तम मालवीय

    मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

    Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *