लूट के बाद सारनी में फायरिंग : रंजिश के चलते युवक को मारी गोली, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज, क्षेत्र में सनसनी
• उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के सारनी में बुधवार को दिनदहाड़े लूट का मामला लोग भूले भी नहीं थे कि युवक पर गोली चलने का मामला सामने आ गया है। गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। वहीं गोली चलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सारनी के कैलाश नगर निवासी अरुण कुरारिया और कॉलोनी के ही एक युवक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुरानी रंजिश में देर रात आरोपी और अरुण के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच आरोपी ने अरुण पर काफी नजदीक से गोली चला दी। बताया जा रहा है कि गोली अरुण के सीने पर लगी।
यह भी पढ़ें… वारदात : धारदार हथियार से हमला कर एटीपी मशीन कर्मचारी से लूटे 81 हजार, सारनी में दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों में खौफ
खबर यह भी है कि गोली आर-पार हो गई। गोली लगने के बाद अरुण पाथाखेड़ा चौकी पहुँचा और आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी।
प्राथमिक उपचार के बाद अरुण को घोड़ाडोंगरी से देर रात जिला अस्पताल रेफर किया है। इधर गोली चालान की घटना के बाद से शहर में सनसनी मच गई है। पुलिस ने रात भर आरोपी की सर्चिंग की। बताया जा रहा है कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा गांव तक आरोपी की सर्चिंग जारी है।
यह भी पढ़ें… किसान भाई ध्यान दें… सभी प्रकार की खाद की दरें निर्धारित, इनसे अधिक पर कोई बेचें तो इन नंबरों पर करें शिकायत